सीख
मौसम वर्षा का है सब का प्यारा हरियाली का मौसम।
परंतु एक ही विषाणु ने किया तमाम यह प्यारा मौसम।
कल रात कुछ ऐसे उमड़-घुमड़ के आकर बादल बरसे।
हम सब तो झूम उठे साथ ही पक्षियों के भी मन हरसे।
पर यह क्या,नहीं सह सकी पीपल की वह शाखा नवल।
सुन्दर घरौंदा बनाकर बैठा था जिस पर एक पक्षी युगल।
अचानक गिरा वह जोड़ा नीचे धड़ाम से और गया दहल।
दृष्टि घुमाकर देखा चहुँ ओर धरती पर था जल ही जल।।
चिड़िया और चिरोंटा दोनों ही एक दम से रह गये स्तब्ध।
एक पल में घर से बेघर हुए दोनों अतः थे शांत-निःशब्द।
बहुत देर तक सोचते रहे वे कि ऐसा तो नहीं था प्रारब्ध।
सुबह की प्रतीक्षा में गुजारी रात बिना बोले एक भी शब्द।
सोच रहे थे वे दोनों दिन निकलेगा ही य़ह रात बीतने पर।
शायद कुछ तो बेहतर होगा जीवन प्रातः सूर्योदय होने पर।
भोर होते ही दोनों ने कहा एक दूसरे से हम नहीं हैं मानव।
जो करें अपेक्षा किसी से हमें तो स्वयं ही बनाना है घर नव।
प्रसन्न थे वे देखकर नये सूर्य को निकलते हुए आसमान में।
बस फिर क्या था उड़ान भरी पूरे जोश से नीले आकाश में।
अब न था कोई विषाद शेष बीते हुए कल का उनके मन में।
अब था केवल एक सपना नये जीवन के सुखों का मन में।
सीख सकते हैं हम जो गया उसे भुलाकर नये सपने बोना।
जो छूट गया उसके दुःख में न जीकर बचे हुए को संजोना।
अपने बचे पलों को समेट किसी के दुःख में पलकें भिगोना।
और उसको भी कुछ खुशियाँ दे फिर से सुखों को पिरोना।